Connect with us

सियासत

भाजपा ने घोषित किए जिलाध्यक्ष, वाराणसी और चंदौली में संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय

Published

on

Loading...
Loading...

दो दशक में सेवापुरी ने भाजपा को दिया चौथा जिलाध्यक्ष

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार ने को विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों की घोषणा की। ओबीसी समाज से आने वाले राम सकल पटेल को वाराणसी का नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, चंदौली में भाजपा ने काशीनाथ सिंह पर दोबारा विश्वास जताते हुए उन्हें पुनः जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।

भाजपा को सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र से गुरुवार को चौथा जिलाध्यक्ष मिला है। इससे पहले भी बीते लगभग दो दशकों में इस क्षेत्र से तीन जिलाध्यक्ष चुने जा चुके हैं। पूर्व में सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र को गंगापुर विधानसभा के नाम से जाना जाता था। उस समय त्रिवेणी नाथ पांडेय ने कई वर्षों तक पार्टी के जिलाध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उनके बाद प्रतापपुर निवासी तथा गंगापुर के पूर्व विधायक बचनू राम पटेल ने भी जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली।

इसके बाद कुछ समय तक अन्य क्षेत्रों के नेताओं को जिलाध्यक्ष बनाया गया, लेकिन बाद में गौर, मिर्जामुराद निवासी आजाद सिंह गौतम ने भी इस पद का दायित्व निभाया। अब सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव निवासी राम सकल पटेल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राम सकल पटेल को बधाई देने वालों में राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, एमएलसी धर्मेंद्र राय, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरत्न राठी, सह-प्रभारी संतोष सोलापुरकर, जगदीश त्रिपाठी, गौरव राठी, नवीन कपूर, संजय सोनकर, प्रवीण सिंह गौतम और सुरेश सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे।

Advertisement

भाजपा ने काशीनाथ सिंह पर फिर जताया भरोसा, दोबारा बने चंदौली के जिलाध्यक्ष

भाजपा ने एक बार फिर काशीनाथ सिंह पर विश्वास व्यक्त करते हुए उन्हें चंदौली का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा जारी सूची में की गई।

काशीनाथ सिंह ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे।

उन्होंने कहा कि जनपद में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखा जाएगा। साथ ही भाजपा की नीतियों तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह का बूथ स्तर के कार्यकर्ता से जिलाध्यक्ष पद तक का सफर संगठन में उनके लंबे संघर्ष और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ का उदाहरण माना जा रहा है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page