Connect with us

भदोही

UPCOS का शुभारंभ, आउटसोर्स कर्मियों को मिली डिजिटल सुरक्षा की सौगात

Published

on

Loading...
Loading...

भदोही में पोर्टल-वेबसाइट और लोगो का अनावरण, पारदर्शी भर्ती से सीधे खाते में मानदेय तक की व्यवस्था

भदोही। आउटसोर्स कर्मचारियों के मानव संसाधन प्रबंधन को डिजिटल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) का शुभारंभ किया। बुधवार को विकास भवन स्थित डीपीआरसी सभागार में पोर्टल एवं वेबसाइट की लॉन्चिंग और लोगो का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से योग्यता एवं मेरिट के आधार पर होगी। भर्ती में राज्य की आरक्षण नीति का पालन किया जाएगा। भर्ती, पोस्टिंग, उपस्थिति, मानदेय, ग्रेच्युटी, बीमा और अन्य सेवा लाभों का डिजिटल प्रबंधन किया जाएगा।

सीधे खाते में पहुंचेगा मानदेय

नई व्यवस्था में कर्मचारी एक ही पोर्टल पर अपनी सेवा संबंधी जानकारी, बैंक खाता, उपस्थिति, भुगतान और मानदेय से होने वाली कटौती देख सकेंगे। शिकायत दर्ज कराने और उसकी स्थिति जानने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री के अनुसार कर्मचारियों का मानदेय सीधे बैंक खाते में भेजा जाएगा और ईपीएफ व ईएसआई का योगदान नियमित रूप से जमा किया जाएगा। किसी एजेंसी को कर्मचारी के मानदेय से अनावश्यक सर्विस चार्ज काटने की अनुमति नहीं होगी।

आउटसोर्स कर्मियों को मातृत्व अवकाश सहित वैधानिक सेवा लाभ और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। किसी कर्मचारी को मनमाने ढंग से हटाने पर रोक रहेगी और कार्रवाई से पहले सरकार को इसकी जानकारी देनी होगी।

Advertisement

बीमा और सामाजिक सुरक्षा का प्रावधान

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्टेट बैंक के साथ एमओयू के माध्यम से कर्मचारियों को वित्तीय और सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं भी मिलेंगी। दुर्घटना की स्थिति में बीमा कवर के साथ अग्निकांड, आकस्मिक चिकित्सा और एयर एंबुलेंस जैसी जरूरतों के लिए सहायता का प्रावधान किया गया है। बच्चों की शिक्षा और बेटियों के विवाह के लिए भी आर्थिक सहायता की व्यवस्था बताई गई।

जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने UPCOS को आउटसोर्स कर्मियों के हितों की सुरक्षा और पारदर्शी मानव संसाधन प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। विधायक दीनानाथ भास्कर और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने भी सरकार की पहल की सराहना की।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने आउटसोर्स कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने समयबद्धता, अनुशासन और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मियों को सेफ्टी जैकेट एवं सुरक्षा किट वितरित की गई। वहीं कन्या विवाह सहायता योजना के तहत पन्नालाल, उमाशंकर, अनिल कुमार और श्रीमती आरती को 55-55 हजार रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी भदोही दयाशंकर वर्मा, सुरियावां के सुजीत कुमार, घोसिया/खमरिया के अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page