भदोही
छात्रवृत्ति के लिए पोर्टल पर लंबित कार्रवाई समय से पूरी करें: विभाग
मास्टर डाटा लॉक से लेकर त्रुटिपूर्ण आवेदनों के संशोधन तक की समय-सारिणी जारी, 25 सितंबर तक पूरी होगी प्रक्रिया
भदोही। वित्तीय वर्ष/शैक्षिक सत्र 2025-26 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत पात्र छात्र-छात्राओं को समय से लाभ दिलाने के लिए शासन ने विभिन्न प्रक्रियाओं की समय-सारिणी जारी की है। इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा लॉक न करने, छात्रों के त्रुटिपूर्ण डाटा अपलोड करने, संस्थान स्तर पर आवेदन लंबित रहने, पीएफएमएस में आवेदन लंबित अथवा रिजेक्ट होने और ट्रांजेक्शन फेल होने जैसी समस्याओं के कारण पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहें, इसके लिए संबंधित संस्थानों और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
यह है निर्धारित समय-सारिणी
- 1 से 7 सितंबर: शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार किया जाएगा।
- 2 से 8 सितंबर: विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा फीस आदि का सत्यापन।
- 3 से 9 सितंबर: जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा शुल्क आदि का सत्यापन।
- 11 से 15 सितंबर: एनपीसीआई स्क्रूटनी के बाद त्रुटिपूर्ण आवेदनों का डाटा संस्थानों की लॉगिन पर उपलब्ध कराया जाएगा।
- 16 से 18 सितंबर: शिक्षण संस्थान त्रुटिपूर्ण आवेदनों में सुधार करेंगे।
- 17 से 19 सितंबर: सत्यापित एवं पात्र डाटा अग्रसारित किया जाएगा।
- 17 से 25 सितंबर: जनपदीय समिति द्वारा शुद्ध डाटा लॉक किया जाएगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों और अधिकारियों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्रवाई पूरी करने की अपील की है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ समय से मिल सके।
