Connect with us

वाराणसी

बाढ़ की स्थिति पर पीएम मोदी ने महापौर से फोन पर ली जानकारी

Published

on

Loading...
Loading...

राहत शिविरों में भोजन, पेयजल व दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने महापौर अशोक कुमार तिवारी से टेलीफोन पर वार्ता कर गंगा के बढ़ते जलस्तर और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव से उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली।

गंगा के बढ़ते जलस्तर और जलभराव की ली जानकारी

प्रधानमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बनाए गए राहत शिविरों की व्यवस्थाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने शिविरों में रह रहे लोगों के लिए खाद्य सामग्री, पेयजल, दवाओं और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में महापौर से जानकारी प्राप्त की। पीएम ने निर्देश दिया कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें सभी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।

जनप्रतिनिधियों को धरातल पर सक्रिय रहने के निर्देश

उन्होंने आपदा की स्थिति में बेहतर समन्वय और प्रभावी प्रबंधन पर जोर देते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधि और नगर निगम के पार्षद आपसी समन्वय के साथ धरातल पर सक्रिय रहें। जनप्रतिनिधि लगातार प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेते रहें और जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करें।

प्रभावित लोगों तक जल्द पहुंचे राहत

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने और प्रभावित लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। पीएम मोदी की बातचीत के बाद स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर सक्रियता और बढ़ाने पर जोर दिया गया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page