भदोही
जन्माष्टमी पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात
डीएम शैलेष कुमार ने तैयारियों की समीक्षा की, मंदिरों और आयोजन स्थलों पर सफाई, चिकित्सा, अग्नि सुरक्षा व यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
वाराणसी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में 4 सितंबर 2026 को होने वाले पर्व की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नामित अधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करने और किसी भी समस्या का पहले से समाधान करने को कहा गया।
मंदिरों के आसपास चलेगा विशेष सफाई अभियान
डीएम ने नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को मंदिरों, पूजा स्थलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कहीं भी कूड़ा-कचरा और जलभराव की स्थिति नहीं रहनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में मंदिरों और आयोजन स्थलों की सफाई की जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपी गई।
भीड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग और ट्रैफिक व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख आयोजन स्थलों पर आवश्यकतानुसार चिकित्सा टीम और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने झांकियों, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। भीड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में सभी एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समय से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
