गाजीपुर
हरहरी मुसहर बस्ती की 4 आउट ऑफ स्कूल बालिकाओं का कस्तूरबा विद्यालय में नामांकन
गाजीपुर (जयदेश)। हरहरी मुसहर बस्ती, ग्राम बरेंदा के निकट नहर के उत्तर दिशा में बसा हुआ छोटा सा पुरवा है। मेरे द्वारा दिनांक 08/05/2026 को इस गांव के भ्रमण के दौरान यह संज्ञान में आया कि यहां पर 6 से 14 आयु वर्ग की 04 बालिकाएं आउट ऑफ स्कूल हैं। अभिभावक उनको विद्यालय भेजने में रुचि नहीं लेते हैं। जानकारी मिलते ही गाँव में पहुंचकर इनके अभिभावकों से बात कर शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

एक अभिभावक, जिनका नाम राजेंद्र बनवासी है, इनके द्वारा काफी सहयोग किया गया। जब उनसे बात की गई तथा शिक्षा के महत्व पर चर्चा करते हुए यह बोध कराया गया कि शिक्षा से जीवन के हर रास्ते खुल जाते हैं, बच्चे स्वावलंबी व आत्मनिर्भर बन सकेंगे, साथ ही विभाग द्वारा प्रदत्त सुविधाओं के बारे में भी बताया गया, तो वह सभी तत्काल तैयार हो गए। उनको विद्यालय का भ्रमण कर वहां की गतिविधियों से परिचित होने के लिए भी आमंत्रित किया गया, जिससे प्रेरित होकर चारों बालिकाएं और उनके अभिभावकगण सहर्ष तैयार हो गए तथा बच्चों को विद्यालय में नामांकन और हॉस्टल में भेजने हेतु तैयार हो गए। जिसके क्रम में वार्डन एवं अन्य शिक्षिकाओं की टीम को नामांकन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
तत्क्रम में दिनांक 11 मई 2026 को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मरदह में 04 बालिकाओं के नामांकन के उपरांत उनके प्रोत्साहन स्वरूप विद्यालय में पहुंचकर बच्चों को स्टेशनरी वितरित किया गया, साथ ही उनसे वार्ता कर उनके मनोबल में वृद्धि हेतु आत्मीय वार्ता की गई। विद्यालय में पहुंचकर बालिकाएं काफी खुश व प्रसन्न पाई गईं। वार्डन प्रेमा सिंह एवं अन्य शिक्षिकाओं को सभी बालिकाओं, विशेषकर नवप्रवेशित बालिकाओं का अपने बच्चों की भांति विशेष ध्यान देने हेतु निर्देशित किया।
