आजमगढ़
आजमगढ़ में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे भारत माता के जयकारे
महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, राष्ट्र एकता का दिया संदेश
आजमगढ़। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को भाजपा नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा के नेतृत्व में शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्य अतिथि प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश मिश्रा गुड्डू रहे। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से शहर गूंज उठा।
यात्रा का शुभारंभ कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर पार्क से हुआ। यहां से यात्रा गांधी तिराहा, रैदोपुर त्रिमूर्ति तिराहा और कलेक्ट्रेट चौराहा होते हुए कुंवर सिंह उद्यान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा लेकर चल रहे कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
अखिलेश मिश्रा गुड्डू ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन-बान-शान और एकता का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रहा है।
यात्रा में महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों की भी बड़ी भागीदारी रही। विनय प्रकाश गुप्ता, श्याम नारायण सिंह, सचिदानंद सिंह, सुनील मिश्रा, अवनीश चतुर्वेदी, साधना गुप्ता, कौशल्या वर्मा, राजेश साहनी, राजन उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
