बलिया
ई-रिक्शा की टक्कर से छात्र की मौत
स्कूल जाते समय हादसा, ग्रामीणों ने दोनों ई-रिक्शा चालकों को पकड़कर पुलिस को सौंपा
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के गड़वार-बलिया मार्ग पर गोरथाना पोखरा के पास मंगलवार सुबह करीब आठ बजे हुए सड़क हादसे में साइकिल सवार 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक अर्पित कुमार पांडेय दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा छह का छात्र था।
बताया गया कि अर्पित रोज की तरह साइकिल से स्कूल जा रहा था। गोरथाना पोखरा गेट के सामने पहुंचते ही दो तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों और परिजनों ने उसे जिला अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने दोनों ई-रिक्शा और उनके चालकों को मौके पर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चालकों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अर्पित अपने पिता सुनील कुमार पांडेय का बड़ा पुत्र था। परिजनों के अनुसार, बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए सुनील करीब तीन माह पहले ही पैतृक गांव मिड्ढा आए थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
