मिर्ज़ापुर
मेडिकल कॉलेज से निकली तिरंगा यात्रा
डीएम कार्यालय पर हुआ समापन
डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल छात्रों ने लगाए भारत माता के जयकारे
मिर्जापुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ और ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान के तहत बुधवार को मंडली चिकित्सालय परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य के नेतृत्व में निकली यात्रा कचहरी मार्ग होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
स्वास्थ्यकर्मियों ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह
यात्रा में मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, रेजिडेंट, इंटर्न, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल छात्र-छात्राएं और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे प्रतिभागियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘हर घर तिरंगा’ के नारे लगाए। इससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में नजर आया।
नागरिकों ने किया स्वागत
मंडली चिकित्सालय से कचहरी मार्ग होते हुए डीएम कार्यालय तक पहुंची यात्रा का जगह-जगह आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों ने स्वागत किया। यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के इंतजाम किए गए।
तिरंगा राष्ट्रीय एकता का प्रतीक
समापन अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन करने और नागरिकों में राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।
