गाजीपुर
बिजली गुल तो रेलवे स्टेशन बना ‘चार्जिंग सेंटर’, मोबाइल लेकर उमड़ी भीड़
बाजार में शुक्रवार से बिजली आपूर्ति बाधित, जरूरी कॉल और ऑनलाइन काम प्रभावित
जमानिया (गाजीपुर)। स्टेशन बाजार में विद्युत आपूर्ति बाधित होने का असर शनिवार को जमानिया रेलवे स्टेशन पर भी दिखाई दिया। लगातार बिजली नहीं रहने के कारण मोबाइल चार्ज करने के लिए स्थानीय लोगों के साथ आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ रेलवे स्टेशन पहुंच गई। स्टेशन परिसर में लोग जगह-जगह मोबाइल चार्ज करते नजर आए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाजार में लगातार बिजली नहीं रहने से मोबाइल फोन की बैटरी खत्म हो गई। इससे जरूरी फोन कॉल करने के साथ ऑनलाइन काम भी प्रभावित होने लगे। मोबाइल बंद होने की स्थिति से बचने के लिए लोगों को मजबूरी में रेलवे स्टेशन का रुख करना पड़ा। शनिवार दोपहर स्टेशन परिसर में कई लोग मोबाइल चार्ज करते दिखाई दिए।

मोबाइल चार्ज करने पहुंचे रमेश, मोबिन, अशोक और साहिल ने बताया कि बाजार में शुक्रवार से ही बिजली आपूर्ति बाधित है। मोबाइल बंद होने के कारण जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में मजबूरी में रेलवे स्टेशन पहुंचकर मोबाइल चार्ज करना पड़ रहा है।
लगातार बिजली कटौती से लोगों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित होने लगी हैं। लोगों का कहना है कि मोबाइल अब संचार के साथ-साथ ऑनलाइन भुगतान और कई जरूरी सेवाओं का माध्यम भी बन गया है। ऐसे में बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम लोगों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
