गाजीपुर
छह महीने में ही क्षतिग्रस्त हुआ तीन स्वास्थ्य केंद्रों का संपर्क मार्ग
प्रसव के बाद लौटते समय वाहन धंसा, तीन घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक्टर से निकाला गया
सिधौना (गाजीपुर)। सिधौना चौकी के बगल से मातृ शिशु एवं परिवार कल्याण उपकेंद्र, योग वेलनेस सेंटर तथा राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग निर्माण के महज छह महीने बाद ही क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्ग की खराब स्थिति के कारण मरीजों और उनके परिजनों के साथ ही तीनों केंद्रों पर आने-जाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है।

एक दिन पूर्व प्रसव पीड़ा से परेशान महिला के परिजन उसे चार पहिया वाहन से मातृ शिशु एवं परिवार कल्याण उपकेंद्र लेकर पहुंचे थे। प्रसव के बाद वापस लौटते समय क्षतिग्रस्त मार्ग पर उनका वाहन धंस गया और पलटने की स्थिति में पहुंच गया। हालांकि, गनीमत रही कि इस दौरान किसी को चोट नहीं आई। बाद में दूसरे वाहन की मदद से महिला और परिवार के अन्य सदस्यों को घर भेजा गया। वहीं, फंसे वाहन को करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की सहायता से बाहर निकाला गया और दूसरे रास्ते से ले जाया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार मार्ग की खराब स्थिति के कारण लंबे समय से परेशानी बनी हुई थी। जनता के साथ तीनों स्वास्थ्य केंद्रों के अधिकारी और कर्मचारियों ने भी मार्ग निर्माण के लिए आयुष राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ से आग्रह किया था। उनकी संस्तुति के बाद संपर्क मार्ग का निर्माण कराया गया था। लेकिन निर्माण के करीब छह महीने बाद ही मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से इसकी गुणवत्ता और टिकाऊपन को लेकर लोगों में चिंता है।

स्थानीय लोगों और तीनों केंद्रों से जुड़े कर्मचारियों ने संबंधित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों से मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मार्ग दुरुस्त होने से मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं, उनके परिजनों और आम लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। साथ ही वाहनों के फंसने और दुर्घटना की आशंका से भी बचा जा सकेगा।
