गाजीपुर
अर्नब तूफान ने बढ़ाई बिजली विभाग की चुनौती, कई जगह पेड़ और पोल गिरे
खानपुर क्षेत्र में रातभर बिजली गुल, सिधौना बाजार के एक हिस्से में तीन दिन से आपूर्ति प्रभावित
खानपुर (गाजीपुर)। अर्नब तूफान के असर से तेज हवा और बारिश ने सिधौना क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जगह-जगह पेड़ और बिजली के पोल गिरने तथा तार टूटने से विद्युत कर्मियों के सामने लगातार नई चुनौती खड़ी हो रही है। क्षेत्र के कई हिस्सों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं, एक स्थान पर मरम्मत कार्य पूरा होने से पहले ही दूसरे स्थान से फाल्ट की सूचना मिलने से कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ती रहीं।

जानकारी के अनुसार पोखरीपुर में एलटी लाइन पर सागौन का पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। सूर्यभान चक में एलटी लाइन पर बबूल का पेड़ गिर गया। ए.के. नेशनल आईटीआई के पास बिजली का तार गिरने की सूचना मिली। दाढ़ी-बाढ़ी क्षेत्र में विद्युत पोल गिरने से आपूर्ति बाधित हुई। इसके अलावा क्षेत्र के अन्य स्थानों से भी पेड़, पोल और तार गिरने की शिकायतें सामने आती रहीं।
विद्युत विभाग की टीमें प्रभावित स्थानों पर पहुंचकर लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हैं। तेज हवा और बारिश के बीच लाइन दुरुस्त करने में कर्मचारियों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है। एक स्थान पर खराबी दूर करने के बाद दूसरे स्थान से फाल्ट की सूचना मिलने के कारण काम लगातार बढ़ता जा रहा है।

इधर, सिधौना बाजार में रेलवे क्रॉसिंग के उस पार पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। लगातार बिजली नहीं रहने से घरों और दुकानों में लगे इनवर्टर का बैकअप भी खत्म हो गया है। कई घरों में पानी की टंकियां खाली हो गई हैं, जिससे दैनिक जरूरतों के लिए भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली अब रोजमर्रा की जिंदगी की बुनियादी जरूरत बन चुकी है। पानी की मोटर, मोबाइल चार्जिंग, कारोबार और घरेलू उपकरणों समेत कई जरूरी काम विद्युत आपूर्ति पर निर्भर हैं। ऐसे में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

विभागीय टीमें अलग-अलग स्थानों पर खराबी दूर करने में लगी हैं। हालांकि लगातार खराब मौसम और नई जगहों से मिल रही फाल्ट की सूचनाओं के कारण पूरी व्यवस्था बहाल करने में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
