गाजीपुर
मेघ की झड़ी भी नहीं रोक सकी श्रद्धा की राह
सिद्धपीठ हथियाराम में चातुर्मास व्रत का समापन, जयघोष से गूंजा मठ परिसर
हथियाराम-गाजीपुर। सिद्धपीठ श्री हथियाराम मठ के पवित्र प्रांगण में पिछले दो माह से चल रहे चातुर्मास व्रत के समापन अवसर पर शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। बारिश और खराब मौसम के बावजूद दूर-दराज से शिष्यों एवं श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला सुबह से ही जारी रहा।
बारिश की फुहारों की परवाह किए बिना श्रद्धालु अपने आराध्य गुरुदेव के दर्शन और आशीर्वाद के लिए कतारबद्ध नजर आए। मठ परिसर में पहुंचते ही श्रद्धालुओं के चेहरों पर भक्ति और उत्साह दिखाई दिया। ‘बुढ़िया माई की जय’, ‘दुर्गा माई की जय’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा मठ परिसर गुंजायमान रहा।

श्रद्धालुओं का कहना था कि गुरुदेव के प्रति उनकी आस्था के आगे बारिश भी उनके कदम नहीं रोक सकती। यही वजह रही कि लगातार खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कमी नहीं आई और बड़ी संख्या में लोग मठ पहुंचते रहे।
चातुर्मास में हुए धार्मिक अनुष्ठान
चातुर्मास व्रत के दौरान मठ परिसर में लगातार धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ और वैदिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे। काशी से आए विद्वानों द्वारा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों को विधि-विधान से संपन्न कराया गया। समापन अवसर पर विशेष हवन-पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में महामंडलेश्वर कौशलेंद्र यति की उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में जिला जज गाजीपुर सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर रणजीत सिंह, अजीत सिंह, देवरहा बाबा, महंत मौनी बाबा सहित कई संत-महात्मा और श्रद्धालु मौजूद रहे।
चंदौली जनपद से चंद्रभूषण सिंह भी अपने मित्रों के साथ मठ परिसर पहुंचे और धार्मिक आयोजन में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
चातुर्मास व्रत के समापन पर सिद्धपीठ हथियाराम का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। बारिश के बीच उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब आयोजन के प्रति लोगों की आस्था और धार्मिक जुड़ाव को दर्शाता रहा।
