Connect with us

मिर्ज़ापुर

151 टीबी मरीजों को मिली पोषण पोटली

Published

on

Loading...
Loading...

राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने मरीजों को लिया गोद, 50 मरीजों की जिम्मेदारी खुद उठाने का दिया आश्वासन

मीरजापुर। टीबी उन्मूलन अभियान के तहत मंगलवार को कछवा क्रिश्चियन अस्पताल परिसर में मझवां विकासखंड के 151 टीबी मरीजों के लिए गोद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं उद्यम राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा की मौजूदगी में मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई।

कार्यक्रम में कछवा क्रिश्चियन अस्पताल ने 85, हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन चितईपुर वाराणसी ने 50, पूर्व कछवा नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. पंधारी यादव ने 11, पूर्व जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एलएस मिश्रा और डिप्टी सीएमओ डॉ. सुदीप कुमार सिंह ने पांच-पांच तथा टीबी चैंपियन राकेश कुमार ने दो मरीजों को गोद लेकर पोषण पोटली उपलब्ध कराई।

राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि आधुनिक जांच और उपचार सुविधाओं के कारण टीबी अब लाइलाज बीमारी नहीं है। मरीज नियमित रूप से दवा लें और खान-पान व साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने नि:क्षय मित्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही आगामी कार्यक्रम में स्वयं 50 टीबी मरीजों को गोद लेने का आश्वासन दिया।

सीएमओ डॉ. केके मिश्रा ने लोगों से झोलाछाप चिकित्सकों से इलाज न कराने और सरकारी अस्पताल में नि:शुल्क जांच व उपचार कराने की अपील की। डॉ. एलएस मिश्रा ने मरीजों को दवा की एक भी खुराक न छोड़ने तथा खांसते-छींकते समय मुंह ढकने की सलाह दी। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, नि:क्षय मित्र और अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page