गाजीपुर
बोलेरो की पाइप लदे ट्रैक्टर में भीषण टक्कर, आठ माह के मासूम की मौत; कई लोग घायल
शादियाबाद (गाजीपुर) जयदेश। जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बादशाहपुर के पास सोमवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 8 माह के मासूम की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जंगीपुर-वाराणसी मार्ग पर सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार बोलेरो और पाइप लादकर जा रहे ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। बोलेरो में सवार लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में वाहन के अंदर फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही शादियाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि नरेंद्र कश्यप पुत्र कमलेश कश्यप अपनी पत्नी संजू देवी के इलाज के लिए परिवार के साथ बोलेरो से वाराणसी जा रहे थे। वाहन में उनकी पत्नी संजू कश्यप, माता अनुसूया देवी, भाई दिलीप कश्यप, 8 माह का पुत्र विवान कश्यप तथा चालक शिवम यादव सवार थे। इसी दौरान बादशाहपुर के पास सामने से पाइप लादकर जा रहे ट्रैक्टर से बोलेरो की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में 8 माह के मासूम विवान कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं दिलीप कश्यप और अनुसूया देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल गाजीपुर में चल रहा है।
दुर्घटना के बाद जंगीपुर-वाराणसी मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। इसके साथ ही पुलिस ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगीपुर-वाराणसी मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और तेज गति से चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
