भदोही
सड़क हादसे में भदोही पुलिस के आरक्षी की मौत
मोढ़ चौकी के पास हुआ हादसा, एसपी समेत पुलिसकर्मियों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
भदोही। क्षेत्राधिकारी कार्यालय भदोही में तैनात आरक्षी नागर पुलिस राजकुमार भारती का सोमवार रात सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। हादसा रात करीब 10 बजे थाना भदोही क्षेत्र के मोढ़ चौकी के पास हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मृतक आरक्षी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
पुलिस अधिकारियों ने दिवंगत आरक्षी के निधन पर गहरा दुख जताया। भदोही पुलिस परिवार ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
