गाजीपुर
अज्ञात वाहन की टक्कर से मैजिक चालक की मौत
वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर पहाड़पुर चौराहे के पास हादसा, सब्जी खरीदने जा रहे थे चालक
नंदगंज (गाजीपुर)। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन हाईवे पर पहाड़पुर चौराहे के पास मंगलवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से मैजिक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तेज टक्कर में मैजिक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
मऊ जिले के खुरहट निवासी बृजेश यादव (39) मैजिक वाहन से सब्जी खरीदने के लिए वाराणसी स्थित पहाड़िया मंडी जा रहे थे। मंगलवार रात करीब नौ बजे पहाड़पुर कट के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मैजिक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बृजेश की मौके पर ही मौत हो गई।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही नंदगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया
बृजेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी सरोज देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो पुत्र ऋषभ (5) और प्रियांशु (2) हैं। हादसे से गांव में भी शोक की लहर है।
