भदोही
नीति तारा से डेटा आधारित होगी विकास योजनाओं की निगरानी
प्रभारी डीएम ने अधिकारियों को प्लेटफॉर्म की उपयोगिता बताई, आंकड़ों के आधार पर कार्रवाई के दिए निर्देश
भदोही। प्रभारी जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नीति तारा (NITI TARA) प्लेटफॉर्म को लेकर अधिकारियों को जानकारी दी गई। इस दौरान अधिकारियों को प्लेटफॉर्म की अवधारणा, उपयोगिता और कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए डेटा एवं साक्ष्य आधारित शासन व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
बताया गया कि नीति तारा नीति आयोग द्वारा विकसित आधुनिक गवर्नेंस टूलकिट है। TARA का अर्थ Toolkit for Analysis, Review and Action है। इसका उद्देश्य जिला और ब्लॉक स्तर पर आंकड़ों के आधार पर योजनाओं की समीक्षा, योजना निर्माण और निर्णय प्रक्रिया को मजबूत करना है।
प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न विभागों के आंकड़ों को एकीकृत रूप से देखा और विश्लेषित किया जा सकता है। इससे कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत समेत विभिन्न क्षेत्रों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा में मदद मिलेगी। विभागवार कमियों की पहचान कर समय से सुधारात्मक कार्रवाई भी की जा सकेगी।
प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपलब्ध आंकड़ों का नियमित विश्लेषण कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें। जिन क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि तकनीक और प्रमाणिक आंकड़ों का उपयोग पारदर्शी, जवाबदेह एवं परिणामपरक प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
