जौनपुर
जौनपुर में हर घर तिरंगा अभियान ने पकड़ी रफ्तार
विभागों में बांटे गए राष्ट्रीय ध्वज, 15 अगस्त को घर-घर तिरंगा फहराने की अपील
जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को गति देने की कवायद तेज हो गई है। मंगलवार को विकास भवन सहित विभिन्न सरकारी विभागों में राष्ट्रीय ध्वज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को तिरंगा देकर 15 अगस्त को घर-घर ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी सतीश चंद्र गुप्ता ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना व्यक्त की।
अभियान से विभाग द्वारा वित्तपोषित इकाइयों और संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को भी जोड़ा गया। उन्हें अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष को याद करने का अवसर है।
प्रशासन ने जिलेवासियों से 15 अगस्त को घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। अभियान में शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों और अन्य संगठनों को भी शामिल किया जा रहा है। उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
