Connect with us

गोरखपुर

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस

Published

on

Loading...
Loading...

गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम सभा ककरही में मंगलवार देर रात एक विवाहिता का शव उसके घर के भीतर फंदे से लटकता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर तड़के करीब तीन बजे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार ककरही निवासी सुप्रिया (28), पत्नी अजय शुक्ला, का शव घर के एक कमरे में साड़ी के सहारे रोशनदान से लटका पाया गया। घटना के समय उनकी 18 माह की मासूम बच्ची दूसरे कमरे में मौजूद थी। मृतका के पति अजय शुक्ला ने पुलिस को सूचना देते हुए बताया कि वह अपने माता-पिता और बहन के साथ एक तिलक समारोह में गए हुए थे। रात करीब 11 बजे घर लौटने पर कमरे का दरवाजा बंद मिला। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर पत्नी का शव फंदे से लटका दिखाई दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मृतका के मायके पक्ष को भी दी गई। बताया जा रहा है कि सुप्रिया का मायका देवरिया जिले के ग्राम जगन्नाथपुर में है और करीब चार वर्ष पूर्व उसकी शादी अजय शुक्ला से हुई थी।

सूचना पर मृतका की बुजुर्ग मां और चाचा भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि, मायके पक्ष की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है और मृतका के भाई के मुंबई से आने का इंतजार किया जा रहा है। मृतका के भाई धनंजय पांडेय ने फोन पर बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते सुप्रिया पिछले लगभग छह माह से मुंबई में उनके साथ रह रही थी और एक अप्रैल को ही ससुराल लौटी थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सुप्रिया अपने पति के चरित्र को लेकर शिकायत करती थी।

थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page