वाराणसी
राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू
वाराणसी। शहर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल एवं मानसिक अस्पताल परिसर में राजकीय मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना अगले वर्ष तक पूर्ण होने की संभावना है, जिसके बाद यहां एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। संस्थान में 150 सीटों पर एमबीबीएस के लिए नामांकन किया जाएगा।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस राम के अनुसार, प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज में कुल 198 बेड की व्यवस्था होगी। इसके निर्माण के साथ ही चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा, जिससे वाराणसी सहित आसपास के जनपदों के मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज का भवन आठ मंजिला होगा, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ विभाग स्थापित किए जाएंगे। यहां जनरल मेडिसिन, बाल रोग, त्वचा रोग, जनरल सर्जरी, हड्डी रोग, ईएनटी, नेत्र रोग तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त आईसीयू, ट्रामा सेंटर, मेजर ऑपरेशन थिएटर समेत अन्य आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं भी विकसित की जाएंगी।
परियोजना के तहत तैयार किए गए मॉडल के अनुसार भवन का स्वरूप निर्धारित किया गया है, जिसे इंजीनियरों द्वारा डिजाइन किया गया है। वहीं निर्माण कार्य को गति देने के लिए दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय के पुराने गेट को हटाया जा रहा है।
दरअसल, यह मेडिकल कॉलेज मानसिक अस्पताल परिसर में विकसित किया जा रहा है, जिसका विस्तार दूसरी ओर स्थित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल तक किया जाएगा। दोनों परिसरों को आपस में जोड़ने के लिए सड़क के ऊपर फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे आवागमन सुगम हो सकेगा।
