Connect with us

मिर्ज़ापुर

ज्वेलरी शॉप चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

लाखों के आभूषण, नकदी और बाइक बरामद, एक आरोपी पर कई जिलों में दर्ज हैं 29 मुकदमे

कटरा पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर किया खुलासा, दोनों आरोपी जेल भेजे गए

मीरजापुर। कोतवाली कटरा पुलिस ने ज्वेलरी की दुकान में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी के आभूषण, ₹10,100 नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ विभिन्न जनपदों में 29 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को राजेंद्र नगर भटवा के पोखरी निवासी आकाश वर्मा ने अपनी आभूषण की दुकान में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर कोतवाली कटरा में बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में गठित टीम ने भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर बुधवार को मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Advertisement

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाराणसी के लालपुर थाना क्षेत्र निवासी राजकुमार पटेल (32 वर्ष) तथा सोनभद्र के दुद्धी थाना क्षेत्र निवासी शिवम मौर्या (20 वर्ष) के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 195 पायल, 238 बिछिया, 37 सफेद धातु की अंगूठियां, 144 पीली धातु की अंगूठियां, ₹10,100 नकद तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी राजकुमार पटेल पर वाराणसी, चंदौली, बाराबंकी, गाजीपुर, अंबेडकरनगर और औरैया सहित कई जिलों में चोरी, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के 29 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शिवम मौर्या के खिलाफ भी मीरजापुर और सोनभद्र में चोरी एवं गैंगस्टर समेत कई मामले दर्ज हैं।

कटरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पाठक, उप निरीक्षक महेंद्र पटेल, उप निरीक्षक आनंद शंकर सहित थाना कटरा की टीम शामिल रही।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page