गाजीपुर
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पीजी कॉलेज में नए सत्र का शुभारंभ
हवन-पूजन, पौधरोपण और श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ 2026-27 सत्र का दीक्षारम्भ, प्रवेश प्रक्रिया जारी
गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), गाजीपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ वैदिक विधि-विधान, हवन-पूजन और पौधरोपण के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शोध ग्रंथालय में मां सरस्वती के पूजन, माल्यार्पण और आरती से हुई। इसके बाद हवन-यज्ञ आयोजित कर नए सत्र की सफलता एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने शोध ग्रंथालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके उपरांत महाविद्यालय के संस्थापक सचिव एवं प्रबंधक स्वर्गीय बाबू राजेश्वर प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
प्राचार्य प्रो. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि नए सत्र का यह शुभारंभ भारतीय संस्कृति, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति महाविद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय बाबू राजेश्वर प्रसाद सिंह का योगदान संस्थान के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में कला, विज्ञान, वाणिज्य, कृषि, अध्यापक शिक्षा एवं शारीरिक शिक्षा संकायों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई के साथ आधुनिक प्रयोगशालाएं, छात्र एवं विभागीय पुस्तकालय, ऑनलाइन लाइब्रेरी, कंप्यूटरीकृत केंद्रीय शोध ग्रंथालय, एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स-रेंजर्स, जिम्नेजियम, आउटडोर एवं इंडोर स्टेडियम तथा वाई-फाई युक्त परिसर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को जानकारी दी कि विभिन्न विषयों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है तथा विस्तृत जानकारी महाविद्यालय की वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है। साथ ही सभी विद्यार्थियों के लिए समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य बताया गया।
इस अवसर पर प्रो. वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रो. रविशंकर सिंह, प्रो. विनय कुमार दूबे, प्रो. सुजीत कुमार सिंह, प्रो. संजय चतुर्वेदी, डॉ. इन्दीवर पाठक, डॉ. शैलेन्द्र सिंह, डॉ. अविनाश चन्द्र राय, संजय श्रीवास्तव, विवेक सिंह ‘सम्मी’, विजय सिंह, अरुण कुमार सिंह, अमितेश सिंह, ममता मिश्र सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
