गाजीपुर
तीन दशक से लिंक मार्ग निर्माण की बाट जोह रहे ग्रामीण, कीचड़ और गड्ढों से बढ़ी परेशानी
बहरियाबाद गाजीपुर। चकफरीद ग्राम सभा में तीन दशकों से लिंक मार्ग का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। करीब 250 मीटर लंबे इस मार्ग पर केवल मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। बरसात के दिनों में सड़क गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों से मांग करने के बावजूद सड़क पर अब तक खड़ंजा या इंटरलॉकिंग का कार्य नहीं कराया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, यह लिंक मार्ग सैदपुर-चिरैयाकोट मुख्य सड़क से निकलकर कुंजन विश्वकर्मा के मकान और बिरजू मौर्य के मकान के रास्ते आराजी कस्बा स्वाद को जोड़ता है। इस मार्ग से बहरियाबाद, चकफरीद, आराजी कस्बा स्वाद सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग आवागमन करते हैं। इसके अलावा, इसी रास्ते से दो अन्य लिंक मार्ग भी निकलते हैं, जो ग्रामीणों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन हैं।
पहला लिंक मार्ग स्वर्गीय पंचदेव मौर्य के पंप सेट से शुरू होकर स्वर्गीय नंदू सेठ के मकान की ओर से बहरियाबाद चौराहे से सादात जाने वाले मार्ग से जुड़ता है। वहीं, दूसरा लिंक मार्ग स्वर्गीय पंचदेव मौर्य के पंप सेट से आराजी कस्बा स्वाद के प्रधान प्रतिनिधि अब्दुल खालिक उर्फ गुड्डू के मकान की ओर जाता है। इन रास्तों का उपयोग ग्रामीणों के साथ ही छात्र-छात्राएं और खेतों में काम करने वाले किसान भी करते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और कीचड़ जमा रहने से आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात में स्थिति और भी खराब हो जाती है। पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है और फिसलन के कारण लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग निर्माण की मांग को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों से संपर्क किया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान कलावती देवी और प्रधान प्रतिनिधि शिवनाथ राम पर विकास कार्यों को लेकर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित होने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधा नहीं मिल पा रही है।
विजेंद्र मौर्य, दूधनाथ मौर्य, रामवृक्ष मौर्य, राजेश मौर्य, कन्हैया मौर्य, बृजेश मौर्य और जमुना मौर्य सहित दर्जनों ग्रामीणों ने मांग की है कि लिंक मार्ग का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन और अनशन करने के लिए बाध्य होंगे।
