भदोही
विधान परिषद निर्वाचन को लेकर डीएम-एसपी सख्त, 23 अक्टूबर को होगा मतदान
भदोही। विधान परिषद वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को पुलिस लाइन ज्ञानपुर स्थित मीटिंग हॉल में जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस सेक्टर प्रभारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं जिलाधिकारी शैलेष कुमार तथा पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
20 मतदेय स्थलों पर होगा मतदान
जनपद में 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके लिए स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 15 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के पांच, कुल 20 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। स्नातक निर्वाचन के लिए 12,423 तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए 1,460 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने निर्देश दिया कि सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट 22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट से संबंधित मतदान पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता, मुस्तैदी और निष्पक्षता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रचार पर रोक
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार का राजनीतिक प्रचार-प्रसार नहीं होना चाहिए। मतदान केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन सहित प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर निर्धारित नियमों के अनुसार रोक लगाई जाए। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर पेयजल, रैंप और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी पूरी तरह सतर्क रहें। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान पार्टियां मतपेटियों को निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के बीच कलेक्ट्रेट स्थित जमा स्थल तक सुरक्षित पहुंचाएं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी बनाए रखने की हिदायत देते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
ब्रीफिंग में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, सभी उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
