चन्दौली
सपा की जनसभा, संगठन मजबूती और पीडीए के मुद्दों पर दिया जोर
भावी विधानसभा प्रत्याशी औसाफ अहमद गुड्डू बोले— जनता के आशीर्वाद से तय किया राजनीतिक सफर, आगे भी समर्थन की अपेक्षा
नियमताबाद ब्लॉक के कठौरी गांव में आयोजित कार्यक्रम में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
पीडीडीयू नगर। नियमताबाद ब्लॉक के कठौरी गांव में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी की जनसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। वक्ताओं ने पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) समाज के अधिकारों तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर बल दिया। साथ ही आगामी चुनावों की तैयारियों और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए 380 विधानसभा क्षेत्र के भावी प्रत्याशी औसाफ अहमद गुड्डू ने कहा कि उनका अब तक का राजनीतिक सफर क्षेत्र पंचायत सदस्य से लेकर जिला पंचायत सदस्य और अब विधानसभा तक पहुंचने की दिशा में जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि क्षेत्र की जनता भविष्य में भी अपना स्नेह और समर्थन प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने शासनकाल में जनहित से जुड़ी अनेक योजनाएं शुरू की थीं, जिनका लाभ आज भी प्रदेश की जनता को मिल रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं से उन्होंने गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला महासचिव नफीस अहमद गुड्डू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुदामा यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुसाफिर सिंह चौहान, सिद्धांत जायसवाल, महेश जायसवाल सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
