Connect with us

मिर्ज़ापुर

गुप्त नवरात्रि के प्रथम दिन विजयपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब

Published

on

Loading...
Loading...

दुलारो माता व शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें, तपती धूप में घंटों इंतजार करते रहे श्रद्धालु

मिर्जापुर। गुप्त नवरात्रि के प्रथम दिन बुधवार को विकासखंड छानबे के विजयपुर स्थित प्राचीन दुलारो माता मंदिर एवं शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आषाढ़ मेले के अवसर पर सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की उन्नति और अखंड सौभाग्य की कामना की।

दूर-दराज के गांवों और आसपास के जनपदों से पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण मंदिर परिसर और आसपास के मार्ग पूरी तरह श्रद्धालुओं से भर गए। दर्शन के लिए महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों को लंबी कतारों में घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। तेज धूप और गर्म जमीन के बावजूद कई श्रद्धालु नंगे पांव कतार में खड़े होकर अपनी अटूट आस्था का परिचय देते रहे।

श्रद्धालुओं ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच कतार में लगे लोगों के लिए पर्याप्त छाया, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहा। विशेषकर महिलाओं और बच्चों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की।

माता के दरबार में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रूप से पूड़ी-हलवा का भोग अर्पित कर परिवार की खुशहाली और अखंड सुहाग की कामना की। नवविवाहित दंपतियों की भी बड़ी संख्या मंदिर पहुंची, जिन्होंने सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन के लिए माता का आशीर्वाद लिया।

Advertisement

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रशासन लगातार भीड़ पर नजर बनाए रहा, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रही और किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

गुप्त नवरात्रि के पहले दिन विजयपुर का प्राचीन आषाढ़ मेला एक बार फिर श्रद्धा, आस्था और सनातन परंपरा का भव्य संगम बन गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने माता रानी के चरणों में शीश नवाकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page