भदोही
जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर गोपीगंज में ट्रैफिक डायवर्जन
16 जुलाई को कई मार्ग रहेंगे प्रतिबंधित
शाम 4 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगी नई यातायात व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी छूट
गोपीगंज (भदोही)। 16 जुलाई को कस्बा गोपीगंज में आयोजित होने वाली श्री जगन्नाथ शोभायात्रा एवं रथयात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक यातायात डायवर्जन योजना लागू की है। यह व्यवस्था सायं 4:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगी, ताकि शोभायात्रा का संचालन सुरक्षित एवं सुचारु रूप से कराया जा सके।
गोपीगंज थाना क्षेत्र में यह रहेगी व्यवस्था
- कठौता कट से गोपीगंज कस्बे की ओर किसी भी बड़े या छोटे वाहन का प्रवेश नहीं होगा।
- गिराई/दानूपुर मार्ग से कस्बे में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ज्ञानपुर जाने वाले वाहन दानूपुर-नथईपुर मार्ग से होकर जाएंगे।
- झिरिया कट से किसी भी प्रकार के वाहन को गोपीगंज कस्बे में प्रवेश नहीं मिलेगा।
- गोपपुर चौराहा से छोटे वाहनों को रैपुरी गांव होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर भेजा जाएगा, जबकि भारी वाहन कार्यक्रम समाप्त होने तक यहीं रोके जाएंगे।
- फूलबाग कट पर ज्ञानपुर से आने वाले वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा और उन्हें कस्बे में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
- वाराणसी–मिर्जापुर मार्ग पर वाराणसी से मिर्जापुर जाने वाले वाहन बड़े शिव मंदिर कट से डायवर्ट होंगे। मिर्जापुर से आने वाले वाहन भी इसी कट से वाराणसी की ओर भेजे जाएंगे। मिर्जापुर तिराहा से गोपीगंज की ओर किसी भी वाहन का प्रवेश नहीं होगा।
- पड़ाव तिराहा से रेलवे स्टेशन की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।
ज्ञानपुर थाना क्षेत्र में डायवर्जन
- हॉस्टल चौराहा से गोपीगंज की ओर जाने वाले भारी वाहनों को बभनौटी मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
- सिंहपुर नहर पुलिया से आने वाले भारी वाहनों को उगापुर एवं हरदेवपुर मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और रथयात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
नोट: एम्बुलेंस, फायर सर्विस, पुलिस वाहन सहित सभी आपातकालीन सेवाओं को डायवर्जन व्यवस्था से पूर्ण छूट रहेगी।
