जौनपुर
ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर पलटा कोयला लदा ट्रेलर
सड़क किनारे खड़ा ट्रैक्टर चकनाचूर, वाराणसी–आजमगढ़ मार्ग पर कुछ देर बाधित रहा यातायात
तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक हादसे की वजह, पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर(चंदवक)। चंदवक थाना क्षेत्र के मोढ़ेला बाजार स्थित नहर के पास मंगलवार तड़के कोयला लदा एक ट्रेलर ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सड़क किनारे खड़ा ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच वाराणसी से गोरखपुर जा रहा ट्रेलर तेज रफ्तार में था। ओवरटेक करने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। ट्रेलर पहले सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकराया और फिर सड़क से नीचे खाई में पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही चंदवक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की सहायता से ट्रेलर को हटवाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। इसके चलते वाराणसी–आजमगढ़ मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
