गोरखपुर
गंगाजल की कसम के बीच भड़का प्रेमी, महिला की गला रेतकर हत्या
गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र स्थित कटरा बाजार में एक सनसनीखेज घटना ने इलाके को दहला दिया। यहां सीताराम गौतम नामक युवक ने अपने ही दोस्त की भाभी खुशबू गौतम की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। बताया गया कि दोनों के बीच पहले से संबंध थे, जिन्हें समाप्त करने के लिए परिवार और समाज के लोगों की मौजूदगी में गंगाजल हाथ में लेकर कसम खाने की प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन यह कोशिश हिंसक वारदात में बदल गई।
जानकारी के अनुसार खुशबू के पति उपेंद्र दुबई में रहते हैं, जबकि घर पर देवर जितेंद्र और ससुर मौजूद थे। इसी दौरान जब संबंधों को खत्म करने की बात आई तो खुशबू ने सीताराम से किसी भी तरह के रिश्ते से इनकार कर दिया। इस बात से आक्रोशित होकर आरोपी ने आपा खो दिया और कुछ देर बाद मौका पाकर वारदात को अंजाम दे डाला।
घटना के बाद बुधवार की रात जब खुशबू अपने घर की छत पर टहल रही थी, तभी सीताराम सीढ़ियों के रास्ते ऊपर पहुंचा और धारदार हथियार से उसके गले पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल खुशबू को परिजन तत्काल उपचार के लिए ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल फैल गया।
वारदात से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और विरोध प्रदर्शन किया। मामले में मृतका के ससुर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सीताराम गौतम के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी साउथ दिनेश कुमार पूरी के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
