वाराणसी
अस्पताल की लैब में जाम और दावत, वीडियो वायरल होने पर प्रशासन ने बैठाई जांच
वाराणसी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में कर्मचारियों द्वारा शराब पीने और नॉनवेज पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीर मानते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने जांच के आदेश जारी किए हैं।
अस्पताल के पैथोलॉजी लैब में मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए विभिन्न प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध रहती है, जहां ब्लड सैंपलिंग से लेकर रिपोर्ट तैयार करने तक का कार्य किया जाता है। आरोप है कि इसी पैथोलॉजी विभाग में ड्यूटी के दौरान कुछ लैब टेक्नीशियन और संविदा कर्मचारियों ने शराब पीते हुए नॉनवेज पार्टी का आयोजन किया। बताया जा रहा है कि इस दौरान वहां भोजन भी बनाया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. एस. राम ने मामले की जांच कराने और दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही है। अस्पताल प्रशासन वायरल वीडियो के आधार पर कर्मचारियों की पहचान करने में जुटा हुआ है। जानकारी के अनुसार वीडियो में पैथोलॉजी विभाग में कार्यरत लैब टेक्नीशियन और सैंपलिंग से जुड़े कर्मचारी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
अस्पताल प्रशासन ने घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार की घटना अस्पताल की छवि को प्रभावित करने के साथ ही मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल खड़े करती है।
इस मामले ने अस्पताल के अन्य कर्मचारियों के बीच भी चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। प्रशासन ने सभी कर्मचारियों को कार्यस्थल पर अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी है और स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात भी कही गई है।
