गाजीपुर
नंदगंज में दिव्या अल्ट्रासाउंड सेंटर सीज, जांच में मिलीं कई अनियमितताएं
नंदगंज (गाजीपुर)। मुख्य चिकित्साधिकारी गाजीपुर के निर्देश पर शनिवार को सीएचसी देवकली के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. सरोज ने नंदगंज बाजार स्थित दिव्या अल्ट्रासाउंड डायग्नोस्टिक पैथोलॉजी एवं डिजिटल एक्सरे सेंटर का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सेंटर का रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र और रेडियोलॉजिस्ट चिकित्सक मौके पर नहीं मिले।

संचालक अग्निशमन विभाग का प्रमाणपत्र, डायग्नोस्टिक सेंटर का मैप तथा फार्म ए, बी, डी और ई भी प्रस्तुत नहीं कर सका। अनियमितताएं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेंटर को सीज कर दिया। कानूनी कार्रवाई के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी और नंदगंज थानाध्यक्ष को सूचना दी गई।
नंदगंज थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि सीएचसी देवकली के प्रभारी चिकित्साधिकारी ने सेंटर सीज किए जाने की मौखिक सूचना दी है। हालांकि, थाने में अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में संचालित अन्य अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी सेंटरों की भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
