गाजीपुर
हिंदू पीजी कॉलेज जमानियां में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा हिंदी दिवस, जुटेंगे कई दिग्गज
जमानियां (गाजीपुर)। हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जमानियां के हिंदी विभाग की ओर से 14 सितंबर 2026 को महाविद्यालय के संगोष्ठी कक्ष में हिंदी दिवस को ‘राजभाषा दिवस’ के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। समारोह में हिंदी विभाग के स्नातक एवं परास्नातक छात्र-छात्राओं के साथ पीएचडी कोर्स वर्क कर रहे शोधार्थी भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय गौरव एवं शिक्षक श्री सम्मान से सम्मानित महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिंह होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में बरूइन निवासी वरिष्ठ साहित्यकार एवं समाजसेवी राजेंद्र सिंह तथा महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार चौधरी मौजूद रहेंगे। मुख्य समारोह का विषय प्रवर्तन राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. मदन गोपाल सिन्हा करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह करेंगे।
समारोह में महाविद्यालय के प्रबंधक लछिराम सिंह यादव की भी गरिमामय उपस्थिति रहेगी। हिंदी विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा ‘शास्त्री’ ने बताया कि आयोजन में विभाग के वरिष्ठ आचार्य डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी, डॉ. संजय कुमार राय, डॉ. लाल चंद पाल, डॉ. बिपिन कुमार, डॉ. अभिषेक तिवारी और डॉ. अमित कुमार सहित सभी विभागीय शोधार्थी सक्रिय रूप से सहभागिता करेंगे।
इस संबंध में महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं हिंदी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अभिषेक तिवारी ने विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी।
