गाजीपुर
सुबह की सैर बनी आखिरी सफर, देवरानी-जेठानी की दर्दनाक मौत
सैदपुर (गाजीपुर)। रविवार की सुबह सैदपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। घर से सुबह की सैर और शौच के लिए निकलीं देवरानी-जेठानी को सैदपुर-भीमापार मार्ग पर धीमरा की पाही के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
स्माइलपुर कोटेसा गांव निवासी खुशबू देवी (30) पत्नी प्रमोद कश्यप और उनकी जेठानी कृति (35) पत्नी विनोद कश्यप रविवार सुबह घर से निकली थीं। दोनों धीमरा की पाही के पास सड़क किनारे पहुंची थीं। इसी दौरान सैदपुर की ओर से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों महिलाएं सड़क से दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायल महिलाओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने खुशबू देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल कृति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया।
कृति को 108 एंबुलेंस से वाराणसी ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम का माहौल है।
खुशबू देवी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। दोनों बच्चों की उम्र करीब सात और पांच वर्ष बताई जा रही है। वहीं कृति की कोई संतान नहीं थी। एक साथ देवरानी-जेठानी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मामले की जांच और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
