वाराणसी
आदर्श ग्राम नागेपुर में रोजा इफ्तार आयोजित
इफ्तार पार्टी में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ
मिर्जामुराद (वाराणसी)। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर स्थित लोक समिति आश्रम में शनिवार को रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने रोजा खोलकर मुल्क में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। कार्यक्रम में गंगा-जमुनी तहजीब की सुंदर मिसाल देखने को मिली, जहां सभी धर्मों के लोगों ने एक साथ बैठकर इफ्तार किया।
लोक समिति और आशा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के बड़े-बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं की अच्छी भागीदारी रही। वहीं हिंदू समाज के लोगों ने भी शामिल होकर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं और लोगों को मिलजुलकर रहने की प्रेरणा देते हैं। आराजी लाइन प्रधान संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम सर्वधर्म सद्भाव और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मानव रक्त फाउंडेशन के अध्यक्ष एडवोकेट अबू हाशिम ने कहा कि इफ्तार पार्टी का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा बढ़ाना और देश में अमन-चैन कायम रखने का संदेश देना है।

लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि रमजान का पवित्र महीना आत्मसंयम और आत्मशुद्धि का संदेश देता है तथा इंसान को बुराइयों से दूर रहकर इंसानियत के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुहम्मद अकरम, रुस्तम अली, संजय यादव, महेंद्र राठौर, मेहदीगंज प्रधान प्रतिनिधि शकील अहमद, जादूगर रमेश, इमरान, जाकिर हुसैन, अब्दुल्ला, सोहेब अख्तर, नाजमा, बदरून, मैनब, सोनी बानो, शमा बानो, हाजी आजाद भाई, मोहम्मद सज्जाद, अजहरुद्दीन, सबीना, अनीता आशा, सिताबुन, मनीषा, अरविंद, श्यामसुंदर, सुनील पंचमुखी, राकेश मास्टर, जितेंद्र सहित सैकड़ों रोजेदार मौजूद रहे।
