Connect with us

वाराणसी

शंकराचार्य के अधिवक्ता को धमकी देने वाला विधि का छात्र गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

सर्विलांस ने खोली साजिश की परतें

वाराणसी। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के अधिवक्ता एवं बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले युवक को वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कचहरी परिसर को उड़ाने की चेतावनी देने के मामले में सर्विलांस सेल ने सक्रियता दिखाते हुए संबंधित मोबाइल नंबर को निगरानी पर लिया और महज 20 घंटे के भीतर जंसा थानाक्षेत्र के रेसीपुर गांव से आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार युवक विधि का छात्र है और वाराणसी कचहरी में ही एक अधिवक्ता के साथ बैठकर प्रैक्टिस करता है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस व एसओजी टीम को बताया कि उसने अपने पड़ोसी को फंसाने के उद्देश्य से यह संदेश भेजा था। पुलिस अब उसे जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है।

गत सुबह 2 बजकर 23 मिनट पर श्रीनाथ त्रिपाठी के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर 077960 41673 से संदेश प्राप्त हुआ। मैसेज में लिखा था, “बनारस कचहरी को हम बम से उड़ा देंगे तुम्हें भी।” सुबह नींद से उठकर जब उन्होंने मोबाइल देखा तो यह संदेश नजर आया। इसके बाद उन्होंने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी और कचहरी पहुंच गए। उन्होंने बताया कि लगभग 11 बजे पुलिस अधिकारियों ने उनसे मुलाकात कर आश्वासन दिया था कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस मामले में ज्वाइंट सीपी आलोक प्रियदर्शनी ने जानकारी दी थी कि श्रीनाथ त्रिपाठी की तहरीर पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसओजी-1 और भेलूपुर पुलिस की सर्विलांस टीम आरोपी के मोबाइल नंबर को ट्रेस कर रही थी और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा जताया गया था।

Advertisement

भेलूपुर प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि वरिष्ठ अधिवक्ता को मिली धमकी के बाद सर्विलांस टीम की मदद ली गई। जांच में मोबाइल नंबर जंसा थाना क्षेत्र के ग्राम रेसीपुर, सत्तानपुर निवासी अजीत कुमार सरोज का निकला। इसके बाद एसओजी और थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर अजीत कुमार सरोज को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया युवक विधि का छात्र है और कचहरी में ही प्रैक्टिस कर रहा है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने पड़ोसी को फंसाना चाहता था, इसलिए उसने यह एसएमएस भेजा था। संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले 14 दिनों में वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की चार बार धमकी मिल चुकी है। इनमें से तीन बार जिला जज के ईमेल पर संदेश भेजकर चेतावनी दी गई थी। उन ईमेल की भी आईटी सेल द्वारा जांच की जा रही है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page