गाजीपुर
जमानिया रेलवे स्टेशन उप डाकघर में आधार सेवा ठप, सभासदों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। जनपद के जमानिया रेलवे स्टेशन स्थित उप डाकघर में पिछले कई महीनों से आधार कार्ड से जुड़ी सेवाएं ठप पड़ी होने से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आधार कार्ड का नया पंजीकरण और संशोधन कार्य बंद होने के कारण लोगों को दूर-दराज के केंद्रों का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर वार्ड संख्या 18 के सभासद मोहन गुप्ता ने अन्य सभासदों व स्थानीय लोगों के साथ मिलकर जमानिया उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि जमानिया रेलवे स्टेशन उप डाकघर में आधार कार्ड बनाने व संशोधन की सेवा को तत्काल सुचारू रूप से शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।
सभासदों ने बताया कि स्टेशन क्षेत्र घनी आबादी वाला इलाका है और यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण व मजदूर वर्ग के लोग रहते हैं, जिनके लिए बार-बार दूर जाना आर्थिक और समय दोनों दृष्टि से भारी पड़ता है। उपजिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग से वार्ता कर जल्द व्यवस्था बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में सभासद राहुल वर्मा, सभासद मनीष यादव, सभासद विकास जायसवाल, सभासद मोहन गुप्ता तथा समाजसेवी मंदीप गुप्ता मौजूद रहे।
