वाराणसी
जंगली तोतों की तस्करी का खुलासा, पंजाब मेल एक्सप्रेस में 400 तोते बरामद
वाराणसी। कैंट जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंजाब मेल एक्सप्रेस ट्रेन से बड़ी संख्या में जंगली तोतों की तस्करी का खुलासा किया है। अभियान के दौरान टीम ने करीब 400 जंगली तोते बरामद किए, जिन्हें अवैध रूप से अमेठी से पश्चिम बंगाल के बर्धमान ले जाया जा रहा था।
जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर के अनुसार, वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी संस्था बर्ड लाइफ से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक तस्कर ट्रेन के माध्यम से बड़ी खेप में जंगली तोतों को पश्चिम बंगाल पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन और विभिन्न ट्रेनों में सघन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान पंजाब मेल एक्सप्रेस के एक कोच में एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। उसे रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास मौजूद बोरों और पिंजरों से लगभग 400 जंगली तोते बरामद हुए। सभी तोते जीवित थे, लेकिन उन्हें बेहद तंग और अमानवीय परिस्थितियों में रखा गया था।
पकड़े गए युवक की पहचान मोहम्मद जाहिद, निवासी बर्धमान, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अमेठी से तोतों की खेप लेकर बर्धमान जा रहा था, जहां इन्हें अवैध रूप से बेचने की योजना थी।
जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया कि बरामद किए गए सभी तोते जंगली प्रजाति के हैं, जिनका व्यापार और परिवहन कानून के तहत प्रतिबंधित है। मामले की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तोतों की प्रजाति, उनकी स्थिति और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू की।
वन विभाग द्वारा तस्कर के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही बरामद तोतों को सुरक्षित स्थान पर भेजने और उनके पुनर्वास की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
