गाजीपुर
कोहरे और कड़ाके की ठंड में श्रद्धालुओं ने किया पुण्य स्नान
गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
भांवरकोल (गाजीपुर)। पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर शनिवार को ब्रह्म मुहूर्त में हजारों श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने मोक्ष की कामना के साथ अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बावजूद सुबह से ही क्षेत्र के सेमरा, शेरपुर, वीरपुर, पलियां और कोटावां सहित विभिन्न गंगा घाटों पर स्नानार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी रही। पौष पूर्णिमा पर भगवान सूर्य की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इसी विश्वास के तहत स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
घाटों पर बालू से शिवलिंग बनाकर पूजन किया गया तथा गंगा माता का दुग्धाभिषेक किया गया। कई श्रद्धालुओं ने गंगा मां को चुनरी ओढ़ाकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। गंगा घाटों पर सूर्य मंत्रों के जाप और (गंगा मैया की जय) के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्रद्धालुओं ने जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, धन और खाद्य सामग्री का दान कर पुण्य अर्जित किया। वहीं घरों में भी सुबह – सवेरे भगवान सूर्य की पूजा की गई। हालांकि पूरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके, जिससे ठिठुरन भरी सर्दी बनी रही।
