चन्दौली
एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
सकलडीहा (चंदौली)। सकलडीहा कोतवाली अंतर्गत तुलसी आश्रम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने आये धीना कोतवाली थाना क्षेत्र के पसाई गांव निवासी प्रेम नारायण शर्मा (52 वर्ष) की एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक प्रेम नारायण शर्मा मुंबई में कपड़ों पर प्रिंटिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मृतक प्रेम नारायण शर्मा के दो पुत्र लवकुश व मनीष हैं। दुर्घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने पीआरबी 112 व कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
बड़े पुत्र लवकुश ने बताया कि पिताजी ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन से अपने मामा, जो पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के काली महाल में रहते थे, उनसे मिलने जा रहे थे और प्लेटफॉर्म पर बैठकर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। सूचना के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस एवं पीआरबी 112 ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी। इस संबंध में सकलडीहा कोतवाल अतुल कुमार ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है।
