वाराणसी
63 वर्ष पुराने पं. शिव कुमार शास्त्री छात्रावास के जीर्णोद्धार का शुभारंभ
₹6.76 करोड़ की परियोजना से छात्रावास होगा आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित, कुलपति बोले— विद्यार्थियों की उत्कृष्ट सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ भूमिपूजन, आम का पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। विश्वविद्यालय परिसर स्थित लगभग 63 वर्ष पुराने पं. शिव कुमार शास्त्री छात्रावास के व्यापक जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का शुभारंभ कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया।
इस अवसर पर कुलपति ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “हमारे विद्यार्थी ही विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्हें उत्कृष्ट, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। छात्रावास के निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, गुणवत्ता से समझौता या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
शासन से मिली ₹6.76 करोड़ की स्वीकृति
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस परियोजना के लिए उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग से ₹6.7658 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रथम किस्त के रूप में ₹3.3829 करोड़ जारी किए गए हैं।
निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश कन्स्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सी एंड डीएस) के माध्यम से शासन के निर्धारित वित्तीय, तकनीकी एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। शासन ने परियोजना की गुणवत्ता, समयबद्धता, पारदर्शिता, पर्यावरणीय मानकों और वित्तीय नियमों के पालन की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय एवं कार्यदायी संस्था दोनों पर निर्धारित की है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा छात्रावास
विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक धरोहर माने जाने वाले इस छात्रावास का शिलान्यास अगस्त 1963 में तत्कालीन उपकुलपति सुरेन्द्र नारायण मणि त्रिपाठी ने किया था। छात्रावास में 132 आवासीय कक्ष, एक विशाल सभागार तथा कार्यालयों के लिए पृथक कक्ष उपलब्ध हैं। जीर्णोद्धार के बाद छात्रावास आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर विद्यार्थियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और प्रेरक आवासीय वातावरण उपलब्ध कराएगा।
आम का पौधा लगाकर दिया हरित परिसर का संदेश
कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने विश्वविद्यालय परिसर में आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
वैदिक पूजन-अर्चन का अनुष्ठान डॉ. सच्चिदानन्द ने संपन्न कराया।
इस अवसर पर कुलसचिव राकेश कुमार, प्रो. जितेन्द्र कुमार, प्रो. राजनाथ, प्रो. दिनेश कुमार गर्ग, प्रो. अमित कुमार शुक्ल, डॉ. विजय कुमार शर्मा, डॉ. मधुसूदन मिश्र, डॉ. विजेन्द्र आर्य, अभियंता रामविजय सिंह, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि अनमोल त्रिपाठी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
