वाराणसी
25 जुलाई के बाद झमाझम बारिश के आसार, वाराणसी में तापमान गिरेगा
मानसून रहेगा सक्रिय, गर्मी और उमस से मिलेगी राहत
वाराणसी। जिले में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में 10.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, हालांकि दिन में धूप निकलने के कारण उमस बनी रही। गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह सापेक्ष आर्द्रता 89 प्रतिशत तथा शाम को 70 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार 24 जुलाई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे उमस में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि 25 जुलाई के बाद लगातार बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहावना हो जाएगा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 23 से 26 जुलाई के बीच वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। मानसूनी प्रणाली के दक्षिण की ओर खिसकने और पश्चिम-मध्य भारत की ओर स्थानांतरित होने के कारण प्रदेश में वर्षा की तीव्रता कुछ कम रह सकती है।
फिलहाल मौसम विभाग ने किसी प्रकार की गंभीर चेतावनी जारी नहीं की है। विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
