Connect with us

गाजीपुर

हिंदू पीजी कॉलेज में सेवानिवृत्त शिक्षक व लेखाकार को भावभीनी विदाई

Published

on

Loading...
Loading...

डॉ. मदन गोपाल सिन्हा और सत्यप्रकाश सिंह को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ. मदन गोपाल सिन्हा एवं लेखाकार सत्यप्रकाश सिंह के सम्मान में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय परिवार ने दोनों के लंबे और निष्ठापूर्ण सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

समारोह के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के पुराछात्र एवं विधायक प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने कहा कि डॉ. मदन गोपाल सिन्हा ने एक उत्कृष्ट शिक्षक, मार्गदर्शक और प्रशासक के रूप में महाविद्यालय की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ संस्थान को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका हमेशा याद की जाएगी।

उन्होंने लेखाकार सत्यप्रकाश सिंह की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। संस्थान के सामने आई विभिन्न चुनौतियों के दौरान भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई।

Advertisement

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि अनुभवों से समृद्ध जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को महाविद्यालय परिवार के लिए प्रेरणादायी बताया।

इस दौरान डॉ. मदन गोपाल सिन्हा और सत्यप्रकाश सिंह को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया। विदाई के भावुक क्षणों के बीच शिक्षक एवं कर्मचारियों ने दोनों के साथ बिताए समय और उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर डॉ. संजय कुमार सिंह, अखंड प्रताप सिंह, अमरनाथ सिंह, कार्यालय अधीक्षक अमित कुमार सिंह, प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा ‘शास्त्री’, प्रो. अरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page