आजमगढ़
हरिहरपुर संगीत घराना के आलोक मिश्रा को चार गोल्ड मेडल
भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय में बीपीए तबला पाठ्यक्रम में प्रथम स्थान, दीक्षांत समारोह में हुआ सम्मान
उपलब्धि से आजमगढ़ में खुशी की लहर, कलाकारों और गणमान्य लोगों ने दी बधाई
आजमगढ़। विश्वविख्यात हरिहरपुर संगीत घराना के युवा तबला वादक आलोक मिश्रा ने भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के बी.पी.ए. (तबला) पाठ्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद और संगीत जगत का नाम रोशन किया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उन्हें चार गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आलोक मिश्रा को यह सम्मान उत्तर प्रदेश के संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह, प्रमुख सचिव संस्कृति अमृत अभिजात तथा राज्यपाल के प्रतिनिधि एच.एम. बोबडे के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि से हरिहरपुर संगीत घराना और पूरे आजमगढ़ में हर्ष का माहौल है। इसे घराने की समृद्ध सांगीतिक परंपरा और युवा प्रतिभाओं की निरंतर सफलता का प्रतीक माना जा रहा है।
इस अवसर पर पंडित अजय मिश्रा, पंडित हृदय मिश्रा, शंभूनाथ मिश्रा, दीपराज मिश्रा और दीपक मिश्रा सहित अनेक वरिष्ठ कलाकारों ने आलोक मिश्रा को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं, समाजसेवी विवेक पांडे, ज्योतिषाचार्य सत्यम गुरुजी, वरिष्ठ अधिवक्ता बजरंग मिश्रा, रविशंकर पांडे तथा संस्कार भारती के अध्यक्ष डॉ. डी.पी. तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों और देश-प्रदेश के हजारों शुभचिंतकों ने भी उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
हरिहरपुर संगीत घराना के अध्यक्ष आदर्श मिश्रा ने कहा कि यह सम्मान केवल आलोक मिश्रा की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे हरिहरपुर संगीत घराना और जनपद आजमगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी गुरुजनों, कलाकारों, शुभचिंतकों और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
