गाजीपुर
नहर सफाई में अनियमितता का आरोप, किसान नेता ने जांच की उठाई मांग
देवकली पंप नहर में कागजी सफाई का आरोप, किसानों को टेल तक पानी न मिलने की शिकायत
एसडीओ की कार्यप्रणाली और संपत्ति की जांच कराने के लिए अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन
गाजीपुर (सेवराई)। भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष एवं किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने देवकली पंप नहर प्रथम की सफाई में अनियमितता का आरोप लगाते हुए अधिशासी अभियंता को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
15 जुलाई 2026 को दिए गए पत्र में किसान नेता ने आरोप लगाया कि देवकली पंप नहर प्रथम से संबंधित नहरों और माइनरों की सफाई केवल कागजों तक सीमित रहती है, जबकि सरकारी धन का दुरुपयोग किया जाता है। इसके चलते नहर का पानी अंतिम छोर (टेल) तक नहीं पहुंच पाता और किसानों को सिंचाई में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गर्मी के दिनों में खनन माफियाओं की मिलीभगत से नहर की मिट्टी भी निकलवाई जाती है, जिससे नहर व्यवस्था प्रभावित होती है।
एसडीओ की संपत्ति की जांच की भी मांग
भानु प्रताप सिंह ने पत्र में आरोप लगाया कि संबंधित एसडीओ पिछले लगभग पांच वर्षों से जिले में तैनात हैं। उन्होंने अधिकारी की आय से अधिक संपत्ति की जांच कराने तथा जांच पूरी होने तक उनका जिले से बाहर स्थानांतरण किए जाने की मांग की है।
किसान नेता ने अधिशासी अभियंता से देवकली पंप नहर प्रथम के अंतर्गत आने वाली नहरों और माइनरों की तत्काल जांच कर समयबद्ध सफाई सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके।
