गाजीपुर
भूटान के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में व्याख्यान देंगे डॉ. हृदयकांत पाण्डेय
खानपुर, गाजीपुर। सैदपुर विकासखंड के दौलतपुर गांव निवासी डॉ. हृदयकांत पाण्डेय ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धि से क्षेत्र का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। वर्तमान में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु, सिद्धार्थनगर के अंग्रेजी विभाग में कार्यरत डॉ. पाण्डेय को भूटान की राजधानी थिम्फू स्थित रॉयल यूनिवर्सिटी ऑफ भूटान में आयोजित होने वाले 49वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विषय विशेषज्ञ के रूप में व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया है।
यह त्रिदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा। सम्मेलन का आयोजन एडविन इनकॉर्पोरेशन, भूटान और महाकौशल विश्वविद्यालय, जबलपुर के प्रायोजन में किया जा रहा है। इस सम्मेलन में डॉ. पाण्डेय विषय विशेषज्ञ के रूप में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर आमंत्रण से क्षेत्र में खुशी
डॉ. हृदयकांत पाण्डेय को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किए जाने से उनके गांव दौलतपुर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।
क्षेत्रवासियों और शिक्षाविदों ने डॉ. पाण्डेय को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनके अंतरराष्ट्रीय मंच पर व्याख्यान देने के अवसर को शैक्षणिक क्षेत्र में उनकी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
