वाराणसी
उधारी के 30 हजार रुपये मांगने पर दुकानदार की पिटाई, प्राथमिकी दर्ज
मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद, पुलिस फुटेज के आधार पर कर रही जांच
मिर्जामुराद, वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भीखीपुर गांव के पास केआईटी कॉलेज के समीप उधारी के रुपये मांगने पर एक दुकानदार की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि कैफे संचालकों ने बकाया रकम मांगने पर दुकानदार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस घटना में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद के गौर निवासी शिवम गुप्ता किराना और बेकरी की दुकान चलाते हैं। आरोप है कि कैफे संचालक आर्यन और प्रियांशु उनकी दुकान से उधार सामान लेते थे। बुधवार की रात करीब 10 बजे शिवम ने दोनों से बकाया 30 हजार रुपये मांगे। इस पर दोनों ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मारपीट में शिवम के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
