गाजीपुर
नहर सफाई में गड़बड़ी का आरोप, किसान नेता ने उठाई जांच की मांग
देवकली पंप नहर में कागजी सफाई और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप, अधिशासी अभियंता को भेजा शिकायती पत्र
एसडीओ की संपत्ति की जांच और स्थानांतरण की मांग, सिंचाई व्यवस्था सुधारने की उठाई आवाज
गाजीपुर (सेवराई)। भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष एवं किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने देवकली पंप नहर प्रथम की सफाई में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए अधिशासी अभियंता को शिकायती पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
15 जुलाई 2026 को दिए गए पत्र में किसान नेता ने आरोप लगाया कि देवकली पंप नहर और उससे जुड़ी माइनरों की सफाई केवल कागजों में दिखाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। इसके कारण नहर का पानी अंतिम छोर (टेल) तक नहीं पहुंचता और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता।
शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि गर्मी के मौसम में खनन माफियाओं की मिलीभगत से नहर की मिट्टी भी निकलवाई जाती है, जिससे नहर व्यवस्था प्रभावित होती है।
एसडीओ की संपत्ति की जांच की भी मांग
भानु प्रताप सिंह ने संबंधित एसडीओ पर लगभग पांच वर्षों से जिले में तैनात रहने का उल्लेख करते हुए उनकी आय से अधिक संपत्ति की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी मांग की कि जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारी का जिले से बाहर स्थानांतरण किया जाए।
किसान नेता ने देवकली पंप नहर प्रथम के अंतर्गत आने वाली नहरों एवं माइनरों की तत्काल जांच कर समयबद्ध सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके।
