Connect with us

गाजीपुर

सूरज ने कुश्ती में रचा इतिहास, बने ‘यूपी वीर अभिमन्यु’

Published

on

Loading...
Loading...

190 पहलवानों को पछाड़कर जीता खिताब, फाइनल में गोरखपुर के जनार्दन को दी मात

सूरज को मिला एक लाख रुपये का पुरस्कार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया सम्मानित

खानपुर (गाजीपुर)। गाजीपुर के युवा पहलवान सूरज ने अपनी प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय प्राइज मनी कुश्ती प्रतियोगिता में सूरज ने ‘उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया।

190 पहलवानों ने पेश की चुनौती

नाग पंचमी के अवसर पर 16 और 17 अगस्त को आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेशभर के नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया। वीर अभिमन्यु खिताब के लिए कुल 190 पहलवानों ने चुनौती पेश की। सूरज ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार मुकाबले जीते।

पहले दौर में सूरज ने गोरखपुर हॉस्टल के सुमित, दूसरे दौर में स्पोर्ट्स कॉलेज के आकाश यादव, तीसरे दौर में मऊ के मुकेश यादव और चौथे दौर में गोरखपुर के मुकेश यादव को शिकस्त दी।

Advertisement

क्वार्टर फाइनल से फाइनल तक शानदार प्रदर्शन

क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सूरज का सामना सैफई के दीपेंद्र से हुआ। सूरज ने उन्हें पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में वाराणसी के शिवम को हराकर उन्होंने फाइनल में जगह बनाई।

खिताबी मुकाबले में सूरज का सामना गोरखपुर के जनार्दन से हुआ। शानदार दांव-पेंच और दमखम के बल पर सूरज ने जनार्दन को पटखनी देकर यूपी वीर अभिमन्यु का खिताब अपने नाम कर लिया।

एक लाख रुपये का मिला पुरस्कार

खिताबी जीत के बाद सूरज को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ वीर अभिमन्यु टाइटल से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के विजेता पहलवानों को मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया।

कुश्ती जगत में खुशी का माहौल

प्रतियोगिता में रामकरन इंटर कॉलेज के खेल अध्यापक एवं कुश्ती प्रशिक्षक राम आशीष यादव ने रेफरी की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूरज की इस उपलब्धि से गाजीपुर के खेलप्रेमियों और कुश्ती जगत में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उनकी जीत को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सूरज को बधाई दी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page