Connect with us

गाजीपुर

अष्ट शहीदों के बलिदान को नमन, शहीद दिवस पर दी गई श्रद्धांजलि

Published

on

Loading...
Loading...

शेरपुर के शहीद पार्क में आयोजित हुआ कार्यक्रम, वीर सपूतों की शहादत को किया गया याद

पीयूष राय बोले—अगस्त क्रांति के शहीदों का साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा रहेगा

भांवरकोल (गाजीपुर)। अगस्त क्रांति 1942 के अमर शहीदों की स्मृति में 18 अगस्त को शेरपुर स्थित शहीद पार्क में शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने अष्ट शहीदों समेत देश के सभी बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।

अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ शेरपुर से उठी थी आवाज

अगस्त क्रांति के दौरान 18 अगस्त को ग्राम शेरपुर निवासी डॉ. शिवपूजन राय के नेतृत्व में ऋषेश्वर राय, बंसनारायण राय, रामबदन उपाध्याय, वशिष्ठ नारायण राय, वंशनारायण राय, नारायण राय और राजनारायण राय समेत वीर सपूतों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया था।

बताया जाता है कि वीर सपूतों ने मुहम्मदाबाद तहसील से यूनियन जैक उतारकर तिरंगा फहराया और तहसील को आजाद घोषित किया था। इसी संघर्ष के दौरान उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर क्षेत्र के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी।

Advertisement

शहीदों के बलिदान को बताया प्रेरणास्रोत

कार्यक्रम में झंडारोहण में शामिल भाजपा नेता पीयूष राय ने कहा कि भांवरकोल की धरती के वीर सपूतों का बलिदान देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। अगस्त क्रांति के दौरान अष्ट शहीदों ने जिस साहस और देशभक्ति के साथ अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी, वह आज भी देशवासियों और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि शहीद दिवस केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं है, बल्कि यह उन वीरों के आदर्शों को आत्मसात करने और देश की एकता-अखंडता के लिए कार्य करने का संकल्प लेने का दिन भी है।

कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं क्षेत्र के लोगों ने अष्ट शहीदों को नमन करते हुए उनके बताए राष्ट्रभक्ति और त्याग के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page